मप्र उपचुनाव: 17 सीटों पर भाजपा, नौ पर कांग्रेस तथा दो सीटों पर बसपा उम्मीदवार आगे

भोपाल मध्य प्रदेश
Spread the love

भोपाल, 10 नवंबर (एएनएस ) मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मंगलवार को हो रही वोटों की गिनती में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी 17 सीटों पर, कांग्रेस नौ सीटों पर तथा बसपा दो सीटों पर आगे है।

प्रदेश के तीन मंत्री एदल सिंह कंषाना (सुमावली), गिर्राज दंडोतिया (दिमनी) और ओपीएस भदौरिया (मेहगांव) अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस उम्मीदवारों से पीछे चल रहे हैं।

मुरैना से बसपा के उम्मीदवार राम प्रकाश राजौरिया 3,029 मतों से तथा पोहरी सीट पर इसी पार्टी के कैलाश कुशवाह मात्र 47 मतों से आगे हैं।

अब तक प्राप्त रुझानों में भाजपा के उम्मीदवार 17 सीटों पर आगे चल रहे हैं। भाजपा की सबसे कम बढ़त डबरा सीट पर 312 मतों की जबकि सबसे अधिक बढ़त 17,283 मतों से बदनावर सीट पर बनी हुई है।

वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार सुमावली, दिमनी, अंबाह, मेहगांव, गोहद, भांडेर, करैरा, ब्यावरा और आगर विधानसभा सीटों पर आगे चल रहे हैं।

इस उपचुनाव में प्रदेश सरकार के 12 मंत्री सहित कुल 355 उम्मीदवार मैदान में हैं। कोविड-19 महामारी के भय के बावजूद तीन नंवबर को हुए मतदान में कुल 70.27 फीसदी मतदान हुआ था।