बर्ड फ्लू की चपेट में आया उत्तर प्रदेश के कानपुर का चिड़ियाघर, हुआ सील

उत्तर प्रदेश कानपुर नगर
Spread the love

कानपुर, 10 जनवरी एएनएस। देश में बड़े पैमाने पर फैल रहे बर्ड फ्लू के कहर के बीच शनिवार को कानपुर के चिड़ियाघर को बर्ड फ्लू वायरस मिलने के बाद सील कर दिया गया है। चार पक्षियों की मौत की जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। कानपुर कमिश्नर राजशेखर के आदेश पर चिड़ियाघर के आस-पास के इलाके को रेड जोन घोषित किया गया है। प्रशासन के साथ इलाके के निवासी भी अलर्ट हो गए हैं।

चिड़ियाघर के बाड़ों में रखे गए सभी 932 पक्षियों की जिंदगी दांव पर है। खतरे को देखते हुए इन्हें मारने का आदेश दिया जा सकता है। उत्तर प्रदेश में कानपुर पहला शहर है, जहां बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरपी मिश्र ने बताया कि भोपाल के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान की लैब ने कानपुर चिड़ियाघर में मरे पक्षियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि की है। इसके मद्देनजर वहां के सभी पक्षियों को मारने की विवशता हो सकती है। फिलहाल चिड़ियाघर में कोई भी बाहरी नहीं जाएगा। स्टाफ भी पूरा एहतियात बरतेगा। आसपास रहने वाले लोगों को सावधनी बरतने की सलाह दी गई है।