गोंडा,17 जनवरी (ए)। उत्तर प्रदेश में गोंडा जिले की 4 वर्षीय एलकेजी छात्रा आद्या मिश्रा ने अपनी असाधारण प्रतिभा से सभी को हैरान कर दिया है। उसने महज 38 सेकंड में भारत के संविधान की प्रस्तावना सुनाकर न केवल अपने माता-पिता, बल्कि जिला प्रशासन को भी चौंका दिया।महज चार साल की उम्र में भारत के संविधान की प्रस्तावना 38.38 सेकंड में सुनाने के लिए आद्या मिश्रा का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज होने जा रहा है। इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड की टीम ने ई मेल से इसकी सूचना दी है। गोंडा शहर की न्यू इंदिरानगर कॉलोनी निवासी अरुण कुमार मिश्र शिक्षक हैं। निजी स्कूल में पढ़ने वाली उनकी बेटी आद्या ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना को याद कर लिया है। सिविल सेवा की तैयारी कर रहे अरुण ने बताया कि आद्या अपनी कक्षा में बेहतर प्रदर्शन करती है।
