Site icon Asian News Service

दिल्ली चुनाव: आठ दिसंबर को ‘परिवर्तन यात्रा’ शुरू करेगी भाजपा

Spread the love

नयी दिल्ली: एक दिसंबर (ए) दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आठ दिसंबर से शहर के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में ‘परिवर्तन यात्रा’ निकालेगी। पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने रविवार को यह जानकारी दी।

अभियान की निगरानी के लिए गठित एक समिति के संयोजक सतीश उपाध्याय ने कहा कि परिवर्तन यात्रा दिल्ली के सभी सात लोकसभा क्षेत्रों में एक साथ शुरू की जायेगी और 20 दिसंबर तक सभी विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।उन्होंने कहा कि यात्राएं पूर्वाह्न 10 बजे विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख धार्मिक स्थलों से शुरू होंगी और उनका समापन रात आठ बजे होगा। उपाध्याय ने कहा कि भाजपा के शीर्ष राष्ट्रीय नेता और केंद्रीय मंत्री दिल्ली इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ इन यात्राओं में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन नेता दिल्ली के लोगों से मिलने के लिए पदयात्रा शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद अपराह्न दो बजे से शाम पांच बजे तक प्रमुख स्थानीय लोगों, महिलाओं, सामाजिक-धार्मिक संगठनों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से बातचीत की जाएगी।

उपाध्याय ने बताया कि शाम को फिर से विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख इलाकों में पैदल मार्च निकाला जाएगा।

भाजपा वर्ष 1998 से दिल्ली की सत्ता से बाहर है और आम आदमी पार्टी (आप) से सत्ता छीनने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

‘आप’ ने 2015 और 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में क्रमशः 67 और 62 सीट जीती थीं।

Exit mobile version