Site icon Asian News Service

महिला की हत्या के आरोप में कथित प्रेमी गिरफ्तार

Spread the love

नयी दिल्ली: 16 अक्टूबर (ए) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में 30 वर्षीय एक महिला का शव मिलने के तीन दिन बाद उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

रविवार को कालिंदी कुंज इलाके में 30 वर्षीय एक महिला का शव बरामद किया गया, जिसके शरीर पर चाकू से वार किए जाने के घाव थे।अधिकारियों ने बताया कि आरोपी तौफीक हत्या और हत्या के प्रयास के मामलों में जमानत पर बाहर था। उसे हरियाणा के मेवात इलाके से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसका महिला के साथ विवाहेतर संबंध था और वह उसके परिवार के साथ उसके घर पर रहना चाहता था। तौफीक ने पुलिस को यह भी बताया कि वह महिला के पति को जानता था।

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त रवि कुमार सिंह ने बताया, ‘‘12 अक्टूबर को रात करीब नौ बजे तौफीक महिला के घर में घुस गया और रात भर पहली मंजिल पर रहा। अगली सुबह जब महिला उससे मिलने गई तो दोनों में कहासुनी हो गई और उसने महिला पर हमला कर दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उसने महिला गला रेत दिया और उसके शरीर पर जगह-जगह चाकू से वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मेवात भाग गया।’’

पुलिस ने बताया कि तौफीक ने 2019 में महिला के पति की कथित तौर पर हत्या कर दी थी और उस पर मुकदमा चल रहा है। जमानत पर छूटने के बाद उसने महिला के पड़ोसी गुलजार की हत्या करने की भी कोशिश की थी जिसके बाद उसे फिर से जेल भेज दिया गया।

उसने बताया कि महिला की बेटी ने पहले पुलिस को बताया था कि उसने और उसके भाई ने अपनी मां को फर्श पर बेहोश पड़ा देखा था।

पुलिस ने कहा, “तौफीक को मैकेनिकल के विषय में डिप्लोमा प्राप्त है और हरियाणा के पलवल में किसी निजी कंपनी में काम कर रहा था। वह पहले भी चार अलग-अलग आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।”

उसने कहा कि इस मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version