लखनऊ-पटना, 11 दिसम्बर एएनएस। उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई अन्य राज्यों में घना कोहरा छाया है। कोहरे की चादर में लिपटे होने से सड़कों पर रफ्तार धीमी हो गई है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत गोरखपुर, वाराणसी,जौनपुर,आजमगढ़,गोरखपुर और कानपुर में घना कोहरा छाया है। सड़कों पर गाड़ियां थम-थम कर चल रही हैं। दृश्यता काफी कम हो गई है। स्थिति यह है कि कुछ कदम दूर ही दिखाई नहीं पड़ रहा। मौसम विभाग का कहना है कि कोहरे का कहर 14 दिसंबर तक जारी रहने की संभावना है।
कमोबेश यहीं हाल बिहार के शहरों का भी है। सुबह नींद से उठने के साथ ही लोगों को कोहरे का दर्शन हुआ। पिछले दो दिन सूर्य की किरणें नहीं दिखी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आज भी भगवान सूर्य के दर्शन होने की संभावना कम है। कोहरे का असर ट्रेन और फ्लाइट पर भी पड़ा है। वहीं किसानों को अपनी फसल की चिंता सता रही है। कोहरे के कारण खेती के काम नियमित रूप से नहीं हो पा रहे हैं।
