Site icon Asian News Service

उप्र : मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने महाशिवरात्रि पर रुद्राभिषेक कर की लोकमंगल की प्रार्थना

Spread the love
FacebookTwitterLinkedinPinterestWhatsapp

गोरखपुर: 26 फरवरी (ए) गोरक्षपीठाधीश्वर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाशिवरात्रि के अवसर पर बुधवार को गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर आवास में स्थित शक्ति मंदिर में रुद्राभिषेक कर लोक मंगल और राष्ट्र कल्याण की प्रार्थना की।मुख्यमंत्री ने महाशिवरात्रि पर विशेष उपासना के क्रम में सुबह शक्ति मंदिर में भगवान भोले शंकर का गोदुग्ध से रुद्राभिषेक किया। मठ के पुरोहित एवं वेदपाठी ब्राह्मणों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों द्वारा रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कराया।

रुद्राभिषेक के बाद आदित्यनाथ ने हवन तथा आरती कर चराचर जगत के कल्याण के लिए आदियोगी महादेव से प्रार्थना की।

इसके पूर्व, मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित शिव मंदिर में भी पूजन किया। उन्होंने यहां भगवान नंदी का पूजन कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

उल्लेखनीय है कि नाथपंथ की परंपरा में गुरु गोरखनाथ सबका कल्याण करने वाले भगवान शिव के अवतार माने जाते हैं।

FacebookTwitterWhatsapp
Exit mobile version