लखनऊ, 21 सितम्बर एएनएस। उत्तर प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, कोरोना और कानून-व्यवस्था को लेकर सोमवार को अखिलेश यादव के आहृवान पर सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने किसानों से जुड़े मुद्दे को लेकर भी प्रदर्शन किया। तहसील स्तर से लेकर जिला मुख्यालय तक समाजवादी पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष समेत तमाम कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। कई जगह समाजवादी कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प भी हुई।
लखनऊ के हजरतगंज में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान 20 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। जबिक दो दर्जन से ज्यादा नेताओं को नजरबंद कर दिया गया।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर हुए प्रदेशव्यापी प्रदर्शन मे सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। रायबरेली में किसान अध्यादेश के विरोध में सपाइयों ने कलेक्ट्रेट में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
