बीजिंग, 19 सितम्बर( ए)। चीन और ताइवान के बीच तनातनी के बीच ड्रैगन ने अमेरिका को अजीब तरह से धमकाया है। सांकेतिक तौर पर अमेरिका को चेताने और शक्ति प्रदर्शन करने के लिए उसने ताइवान में 18 लड़ाकू विमान भेजे हैं। दरअसल, ताइवान में शुक्रवार को अमेरिकी दूत ने इस स्व-शासित द्वीप के नेताओं से मुलाकात की और इसी दौरान चीनी सेना ने अप्रत्याशित तौर पर शक्ति प्रदर्शन करते हुए ताइवानी क्षेत्र में लड़ाकू जेट समेत 18 लड़ाकू विमान उड़ाए। साथ ही चीन ने अमेरिका को सांकेतिक तौर पर कहा कि वह आग से न खेले, नहीं तो जल जाएगा।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी कीथ क्रैच ने ताइवान के आर्थिक मामलों के मंत्री और उप प्रमुख के साथ चर्चा की। उन्होंने उद्योग जगत के नेताओं से भी मुलाकात की और राष्ट्रपति साई इंग वेन के साथ भोजन किया। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि चीन के 18 लड़ाकू विमानों ने ताइवान के वायु रक्षा क्षेत्र में प्रवेश किया। उन्होंने कहा कि ताइवान ने चीनी विमानों की आवाजाही पर निगरानी रखी।
