रांची, 27 दिसम्बर एएनएस। बिहार के मधुबनी जिले से एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से जब नहीं रहा गया तो वह अपने ब्वॉयफ्रेंड से मिलने के लिए घर से भाग गई, लेकिन ब्वॉयफ्रेंड ने जब मिलने से इनकार कर दिया तो वह झारखंड के रांची स्टेशन पर ही उतर गई। यहां उतरने के बाद शहर की भीड़ देखकर लड़की को घर की याद सताने लगी,तो वह बिलखने लगी, इसके बाद ‘नन्हे फरिश्ते’ ने लड़की को रेलवे लाइन रांची के सुपुर्द कर दिया। साथ ही उसके परिजनों को भी जानकारी दी गई।
बताया गया है कि बिहार के मधुबनी जिले के सिमरा गांव की रहने वाली 16 वर्षीय नाबालिग लड़की घर से भागकर सिकंदराबाद के लिए निकली, लेकिन जिस लड़के से मिलने के लिए लड़की ने घर वालों को बिना बताए इतना बड़ा कदम उठाया था, उसने मुलाकात करने से ही इनकार कर दिया।
इसके बाद लड़की ट्रेन के भीतर ही रोने लगी। रांची स्टेशन तक पहुंचते-पहुंचते नाबालिग को घर की याद आने लगी और उसे अपने इस कदम पर पछतावा होना भी शुरू हो गया। इसके बाद रांची रेलवे स्टेशन आने पर वह उतर गई।
वहीं, स्टेशन पर अकेले बैठी नाबालिग लड़की को रोते-बिलखते देख आरपीएफ रांची डिवीजन की ‘नन्हे फरिश्ते’ टीम उसके पास पहुंची और उसके रोने की वजह पूछी। इस पर लड़की ने बताया कि उसके ब्वॉयफ्रेंड ने मिलने से इनकार कर दिया है और वह घर जाना चाहती है।
लड़की की इस दयनीय स्थिति को देखकर जवानों ने उसे तुरंत सही सलामत रेलवे लाइन रांची को सुपुर्द कर दिया। इसके बाद लड़की के परिजनों को फोन किया गया और उन्हें बताया गया कि नाबालिग रांची रेलवे स्टेशन पर है।
ब्वॉयफ्रेंड से मिलने घर से भागी नाबालिग को जब लगा झटका,तब ‘नन्हे फरिश्ते’ ने दिया सहारा
