‘महादलित टोले’ का नीतीश ने किया दौरा,यह जानकर रह गए हैरान

राष्ट्रीय
Spread the love

पटना: 15 अगस्त (ए) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बृहस्पतिवार को उस समय आश्चर्यचकित रह गए जब उन्हें पता चला कि पटना के दानापुर में ‘महादलित टोले’ में ‘सबसे बुजुर्ग’ व्यक्ति उनसे कई साल छोटे हैं।

राज्य में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने यहां ऐतिहासिक गांधी मैदान में तिरंगा फहराने के बाद दानापुर के एक ‘महादलित टोले’ का दौरा किया और परंपरा के अनुसार वहां के सबसे बुजुर्ग निवासी रामाशीष राम ने झंडा फहराया।अपने संबोधन के दौरान नीतीश कुमार ने रामाशीष की ओर मुड़कर उनसे उनकी उम्र पूछी।रामाशीष का जवाब सुनते ही नीतीश बोले, ‘अभी 70 भी नहीं हुआ है। उनहत्तर (69) साल के ही हैं। बताइए, मैं तो 74 (साल का) हूं और तुम अभी उनहत्तर (69) साल के हो। हम तो समझ रहे थे कि तुम ज्यादा उम्र के होगे। तो ऐसा क्यों है। मजबूती से रहिए। खेलिए-कूदिए, घूमिए, सब जगह जाईए, तब अच्छा स्वास्थ्य रहेगा। ये हम आपको बता रहे हैं। हम नहीं बताते तो क्या यह पता चलता कि मेरी उम्र 74 साल है।’’

नीतीश कुमार की उम्र को लेकर विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर जैसे उनके आलोचक उन्हें निशाना बनाते रहते हैं।

हालांकि एक अनुशासित दिनचर्या के कारण नीतीश कुमार किसी भी गंभीर बीमारी से ग्रस्त नहीं हैं पर अधिक उम्र के चलते अनियंत्रित व्यवहार और सार्वजनिक रूप से जुबान फिसलने के कई उदाहरणों ने उनके स्वास्थ्य को लेकर में अटकलों को जन्म दिया है।