Site icon Asian News Service

महाराष्ट्र: मुंबई नाव हादसे में मरने वालों की संख्या 13 हुई, 101 लोगों को किया गया रेस्क्यू

Spread the love

मुंबई -नागपुर,18 दिसंबर (ए )। बुधवार को मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा जा रही नीलकमल बोट एक तेज गति से आ रही नौसेना की छोटी बोट से टकराकर हादसे का शिकार हो गई। नाव में चालक दल समेत 100 से अधिक यात्री सवार थे। इस हादसे के बाद बचाव कार्य शुरू किया गया जिसमें 101 लोगों को रेस्क्यू किया गया है जबकि तीन जवान समेत 13 लोगों की मृत्यु हो गई हैं।महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि बुधवार को मुंबई तट के पास नौसेना की स्पीड बोट के नौका से टकराने से 13 लोगों की मौत हो गई और 101 अन्य को बचा लिया गया। फडणवीस ने नागपुर में संवाददाताओं को बताया कि मृतकों में 10 नागरिक और तीन नौसेना कर्मी शामिल हैं
उन्होंने बताया कि नौसेना से मिली जानकारी के अनुसार शाम 7.30 बजे तक मरने वालों की संख्या 13 है। फडणवीस ने बताया कि नीलकमल नौका मुंबई के पास एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल एलीफेंटा द्वीप की ओर जा रही थी, तभी शाम करीब 4 बजे स्पीड बोट उससे टकरा गई। उन्होंने यह नहीं बताया कि नौका और स्पीड बोट में कितने लोग सवार थे।एक रक्षा अधिकारी ने बताया कि नौसेना और तटरक्षक बल ने बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया है। नौसेना की 11 नावें और मरीन पुलिस की तीन नावें तथा तटरक्षक बल की एक नाव को इलाके में तैनात किया गया है। अधिकारी ने बताया कि खोज और बचाव अभियान में चार हेलीकॉप्टर शामिल थे। अधिकारी ने बताया कि पुलिस, जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण के कर्मचारी और इलाके के मछुआरे भी बचाव कार्य में शामिल थे

Exit mobile version