देवरिया, 31अक्टूबर एएनएस। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई रास नहीं आ रही है। माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई उन्हें बुरी लगती है। उनकी सहानुभूति इनके साथ है। लेकिन सरकार इन माफियाओं को चैन से नहीं रहने देगी। मुख्यमंत्री शनिवार को राजकीय इंटर कालेज के परिसर में देवरिया सदर उपचुनाव में पार्टी के प्रत्याशी डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। करीब 31 मिनट के संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ऑपरेशन माफिया चला रही है। जनता की संपत्ति लूटने वालों के खिलाफ पूरे प्रदेश में कार्रवाई हो रही है। हम उनकी संपत्तियों को अधिग्रहित कर गरीबों को बसाएंगे। इसमें किसी की कोई सिफरिश नहीं सुनी जाएगी। इस अभियान में हमें जनता का समर्थन चाहिए। हम माफियाओं को प्रदेश में पनपने नहीं देंगे। ये माफिया समाजवादी पार्टी को मुबारक हों।
