Site icon Asian News Service

रतन टाटा का निधन एक युग का अंत : उद्योग जगत

Spread the love

नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर ( ए) उद्योगपति रतन टाटा के निधन से उद्योग जगत में शोक की लहर दौड़ गई। भारतीय उद्योगपतियों ने उनके निधन को टाटा समूह से परे सभी भारतीयों के लिए एक बड़ी क्षति बताया है।टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा ने बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे मुंबई के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 86 वर्ष के थे।

भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक एवं चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने कहा कि टाटा अपने पीछे एक बड़ी विरासत छोड़ गए हैं।

मित्तल ने कहा, ‘‘ एक सच्चे राष्ट्र निर्माता देश की वृद्धि में उनकी विरासत सदैव उद्यमियों और सभी भारतीयों को प्रेरित करेगी।’’

एसपी समूह के चेयरमैन शापूरजी मिस्त्री ने कहा, ‘‘ टाटा का निधन एक युग का अंत है। उन्हें हमेशा एक ऐसे व्यक्ति के रूप में याद किया जाएगा, जिन्होंने टाटा समूह के विकास पर एक अमिट छाप छोड़ी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ मिस्त्री परिवार का टाटा समूह और रतन टाटा के साथ लंबे समय से रिश्ता रहा है।’’

खनन क्षेत्र के दिग्गज अनिल अग्रवाल ने रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनके निधन से भारतीय उद्योग जगत के ‘मुकुट’ का एक रत्न खो गया है।

वेदांता के चेयरमैन अग्रवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ रतन टाटा के निधन से हमने न केवल भारतीय उद्योग जगत के मुकुट का रत्न खो दिया है, बल्कि एक ऐसे व्यक्ति को भी खो दिया है, जिनकी दूरदृष्टि तथा उत्कृष्ट व्यक्तिगत गुणों ने उन्हें प्रत्येक भारतीय के लिए एक आदर्श बना दिया था।’’

आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन टाटा के निधन से भारत और भारतीय उद्योग जगत ने एक दूरदर्शी व्यक्तित्व को खो दिया है।

टाटा के निधन पर अपने शोक संदेश में बिड़ला ने कहा कि उनके फैसलों ने आर्थिक वृद्धि से परे लोगों के जीवन तथा उद्योगों को प्रभावित किया है।

बिड़ला ने कहा, ‘‘ पिछले कई दशक से मेरे परिवार और मेरी कई पीढ़ियों का टाटा के साथ करीबी संबंध रहा है। रतन टाटा ने टाटा समूह के बेहतरीन आदर्शों को मूर्त रूप दिया। उनके निर्णयों ने वित्तीय मापदंडों से कहीं आगे जाकर जीवन और उद्योगों को प्रभावित किया है। उनकी विरासत भारतीयों की भावी पीढ़ियों को ईमानदारी के साथ सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी। भारत और भारतीय उद्योग जगत ने एक सच्चे दूरदर्शी व्यक्तित्व को खो दिया है।’’

महिंद्रा समूह के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अनीश शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ रतन टाटा के निधन की खबर से बेहद दुखी हूं। उनका दृष्टिकोण व्यवसाय से परे था, जिसने एक पीढ़ी को उद्देश्य और निष्ठा के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया।’’

Exit mobile version