Site icon Asian News Service

रोडवेज बस पलटने से 50 लोग घायल; अधिकांश स्कूली बच्चे

Spread the love

चंडीगढ़: आठ जुलाई (ए) हरियाणा के पिंजौर में सोमवार को क्षमता से अधिक सवारियों को ले जा रही रोडवेज की एक मिनी बस के पलट जाने से 50 लोग घायल हो गये, जिनमें अधिकांश स्कूली बच्चे हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पंचकूला के उपायुक्त यश गर्ग ने जिले के सिविल अस्पताल में संवाददाताओं से कहा, ‘‘एक मोड़ के पास मिनी बस पलट गई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल हमारा ध्यान बचाव कार्य पर है। सभी बच्चे ठीक हैं, किसी को भी कोई गंभीर चोट नहीं आई है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पंचकूला के सिविल अस्पताल में 30 बच्चों को लाया गया है। अन्य पिंजौर में चिकित्सकों की निगरानी में हैं।’’

पंचकूला के सिविल अस्पताल में चार वयस्कों को भी लाया गया और उनमें से एक 60 वर्षीय महिला है। महिला के हाथ पर चोट लगी है। उन्होंने बताया कि उसे चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल में रेफर किया गया है।

गर्ग ने बताया कि एक अन्य घायल व्यक्ति गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती है।

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष एवं पंचकूला से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक ज्ञान चंद गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया कि दुर्घटना पंचकूला के एक गांव के पास हुई।

गुप्ता ने बताया कि बस के चालक और परिचालक को निलंबित कर दिया गया है।

गुप्ता ने बताया, ‘‘बस में क्षमता से अधिक सवारी थीं और हमें बताया गया है कि वाहन की गति भी अधिक थी। जैसे ही बस एक मोड़ के पास पहुंची तो वह पलट गई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी प्राथमिकता घायलों का उपचार कराना है।’’

Exit mobile version