हैदराबाद: 11 मई (ए) कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को आरोप लगाया कि यदि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव जीतकर सत्ता में आई, तो वह संविधान को बदल देगी। उन्होंने इस संबंध में भाजपा के विचार को पाप करार देते हुए कहा कि देश के लोग संविधान बदलने की अनुमति नहीं देंगे।तेलंगाना में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता पूरे देश में घूम-घूमकर 400 लोकसभा सीट मांग रहे हैं, ताकि वे संविधान बदल सकें।उन्होंने कहा, ‘‘धर्म के नाम पर भाइयों-बहनों को बांटना पाप है। धर्म के नाम पर भ्रम पैदा करना और लोगों को गुमराह करना पाप है। धर्म के नाम पर लोकतंत्र और लोगों को कमजोर करना और यह कहना कि वे संविधान बदल देंगे, यह पाप है।’’
