जौनपुर, 05 अप्रैल (ए)। यूपी के जौनपुर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के मसीदा गांव में मंगलवार सुबह मनबढ़ों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी जिसमें गोली से तीन लोग घायल हो गए। एक के आंख से छूते हुई गोली निकल गई। अचानक की गई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आननफानन में तीनों को जिला अस्पताल भेजवाया। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मौके पर पुलिस फोर्स पहुंचकर तहकीकात में जुट गई।
बताया जाता है कि गांव के बन्हवारे वीर डीह बाबा मंदिर पर पड़ोस के गांव विशुनपुर के कुछ मनबढ़ युवक बैठते हैं। इसका ग्रामीण लगातार विरोध करते थे। नवरात्र आरम्भ हुआ तो महिलाएं युवतियां पूजा अर्चना के लिए आने लगी तो फब्तियां कसने और छेड़खानी भी होने लगी। इसे लेकर विवाद हो गया।
पंचायत के लिए दोनों पक्षों के लोग जुटे थे। आरोप है कि समझाने आये एक मनबढ़ ने कमर में पिस्टल खोंसी थी। पिस्टल देखकर गांव के रामनरायन उर्फ रम्मन ने पूछ लिया कि यह किसलिए लाए हो। इतना कहते मनबढ़ ने असलहा निकालकर उन्हें सटा दिया। आरोप है कि इसी बीच दो अन्य मनबढ़ों ने भी असलहे निकाल लिये और छह सात राउंड फायरिंग कर दी। इससे मसीदा गांव के प्रमोद यादव (32) के पेट मे गोली लग गई। विकास यादव (30) के दाहिने पैर और रामरायन उर्फ रम्मन (70) के भी पैर में गोली लगी। मुकेश (22) के आंख को छूते हुए गोली निकल गई। सभी को प्राइवेट वाहन से जिला अस्पताल भेजवाया गया। मौके पर सीओ सदर रणविजय सिंह, एडिशनल ग्रामीण शैलेन्द्र सिंह, एसओ सिकरारा संतोष राय पहुंचकर तहकीकात में जुट गए।
