नीतीश विश्वासघात में पारंगत, राजग में वापसी की पहले से थी आशंका : झामुमो

झारखण्ड रांची
Spread the love

रांची: 28 जनवरी (ए) विपक्षी दलों के ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनका राजनीतिक चरित्र ‘विश्वाघात’ का रहा है।

झामुमो ने कहा कि जनता दल यूनाइटेड (जद यू) प्रमुख को खुद नहीं पता कि वह किस पाले के हैं।झामुमो के महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने ‘ कहा, ‘‘नीतीश कुमार का इस्तीफा अपेक्षित था, क्योंकि विश्वासघात उनका राजनीतिक चरित्र रहा है।’’

भट्टाचार्य ने कहा कि कुमार मुख्यमंत्री पद पर बने रहना चाहते थे और अंततः उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से हाथ मिलाने का फैसला किया।

उन्होंने कहा कि कुमार ने पहले ही कर्पूरी ठाकुर, जॉर्ज फर्नांडिस, शरद यादव और लालू प्रसाद सहित कई नेताओं और अंततः बिहार के लोगों से ‘विश्वासघात’ किया है।

कुमार ने रविवार को यह कहते हुए बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया कि ‘महागठबंधन’ और ‘इंडिया’ गठबंधन में उनके लिए ‘चीजें अच्छी तरह से काम नहीं कर रही थीं’। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। उन्होंने अगस्त 2022 में भाजपा से नाता तोड़ लिया था।

भट्टाचार्य ने कहा कि विपक्षी दलों को उनपर भरोसा नहीं और इसलिए उन्हें ‘इंडिया’ गठबंधन का संयोजक नहीं बनाया गया। उन्होंने कहा, ‘‘नीतीश कुमार को खुद नहीं पता कि वह किस पार्टी से हैं। वह न तो अपनी पार्टी के हैं और न ही किसी और के।’’

झामुमो नेता ने आरोप लगाया, ‘‘उन पर कोई भरोसा नहीं था। इसलिए, उन्हें ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ का संयोजक नहीं बनाया गया।

भट्टाचार्य ने यह भी कहा कि बिहार के लोग ‘‘राजनीतिक रूप से जागरूक हैं और उनमें आक्रोश है। वे हर बार इस (पाला बदलने की) परिपाटी को बर्दाश्त नहीं करेंगे।’’