माता प्रसाद पांडेय विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष होंगे

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ, 28 जुलाई (ए) उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ सदस्य माता प्रसाद पांडेय नेता प्रतिपक्ष होंगे। यह पद सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सांसद चुने जाने के बाद विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने की वजह से रिक्त हुआ है।

अखिलेश यादव ने रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को भेजे एक पत्र में पांडेय को नेता प्रतिपक्ष बनाये जाने का अनुरोध किया। सपा ने पत्र सोशल मीडिया मंच ‘एक्‍स’ पर पोस्ट किया है। यादव द्वारा विधानसभा अध्यक्ष को भेजे गये पत्र के मुताबिक माता प्रसाद पांडेय विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष, महबूब अली-अधिष्ठाता मंडल, कमाल अख्‍तर-मुख्‍य सचेतक और राकेश कुमार उर्फ आर के वर्मा-उप सचेतक होंगे।

लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका का निर्वहन कर रहे थे। उन्होंने कन्नौज संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सदस्य चुने जाने के बाद करहल विधानसभा सीट की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

यादव की जगह अब विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और सपा के वरिष्‍ठ सदस्य माता प्रसाद पांडेय नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाएंगे।