बिलासपुर: 14 मार्च (ए) हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को उनके घर पर अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर गोली मार दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है।पूर्व विधायक पत्नी को आवंटित सरकारी आवास के प्रांगण में अन्य लोगों के साथ होली मना रहे थे, तभी चार लोग आये और गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक ठाकुर के पैर में गोली लगी है। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने ‘ बताया कि अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि हमलावर कथित तौर पर मुख्य बाजार की ओर पैदल भागे हैं।
धवल ने बताया कि आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक हमले के तुरंत बाद ठाकुर को इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय, शिमला रेफर कर दिया गया, जबकि पीएसओ को बिलासपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि हमले में ठाकुर और उनके निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) घायल हो गए। उसने बताया कि हमलावरों ने करीब 12 गोलियां चलाईं।