चंडीगढ़: 15 मार्च (ए) हरियाणा के सोनीपत जिले में एक स्थानीय भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान सुरेंद्र जवाहर के रूप में हुई है जो सोनीपत के मुंडलाना मंडल के भाजपा अध्यक्ष थे। सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध), गोहाना पुलिस स्टेशन ऋषि कांत के अनुसार, आरोपी का नाम मोनू है और घटना सोनीपत जिले के जवाहरा गांव से सामने आई है। पुलिस के अनुसार, जिले के उपमंडल गोहाना के गांव जवाहरा में भाजपा के मुंडलाना मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र की शुक्रवार की रात उनके पड़ोसी ने गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गया। आज शव को खानपुर मेडिकल कालेज एवं अस्पताल भेजा गया है। पीड़ित ने आरोपी के परिवार के रिश्तेदारों से जमीन खरीदी थी, जिसके कारण उनके बीच विवाद चल रहा था, जिसके परिणामस्वरूप बीजेपी नेता की हत्या हो गई। जानकारी के मुताबिक, सुरेंद्र ने कुछ समय पहले एक जमीन खरीदी थी। इस पर उन्हें जमीन पर कदम न रखने की चेतावनी दी थी। सुरेंद्र ने हाल ही में उस जमीन की जुताई शुरू की थी। भाजपा नेता सुरेंद्र पहले इनेलो में थे। जनवरी 2021 में उन्हें भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया था। हाल ही में वह मुंडलाना मंडल अध्यक्ष चुने गए थे। सुरेंद्र संयुक्त परिवार में रहते थे। उनके तीन बच्चे हैं। इनमें दो बेटियां और एक बेटा है।