Site icon Asian News Service

महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए: प्रधानमंत्री मोदी

Spread the love

नयी दिल्ली: 15 अगस्त (ए) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकारों को महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर ‘‘पूरी तत्परता’’ से कार्रवाई करनी चाहिए और अपराधियों में डर पैदा करना बहुत जरूरी है।

उनकी यह टिप्पणी कोलकाता में एक प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ कथित बलात्कार और हत्या की पृष्ठभूमि में आई है।प्रधानमंत्री ने 78वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए महिलाओं के खिलाफ बलात्कार और हिंसा की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की और कहा कि वह लोगों के आक्रोश को महसूस कर सकते हैं।उन्होंने कहा, ‘‘महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की जल्‍द से जल्‍द जांच हो। राक्षसी कृत्‍य करने वालों को जल्‍द से जल्‍द कड़ी सजा हो और ऐसा किया जाना समाज में विश्‍वास पैदा करने के लिए जरुरी है।’’

मोदी ने कहा, ‘‘मैं आज लाल किले से फिर से एक बार अपनी पीड़ा व्यक्त करना चाहता हूं। एक समाज के नाते, हमे गंभीरता से सोचना होगा कि हमारी माताओं, बहनों एवं बेटियों के प्रति जो अत्‍याचार हो रहे हैं, उसके प्रति देश में आक्रोश है। जन सामान्‍य के बीच आक्रोश है। इस आक्रोश को मैं महसूस कर रहा हूं। इसे देश को, समाज को, हमारी राज्‍य सरकारों को गंभीरता से लेना होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘समय की मांग है कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचारों के लिए मिलने वाली सजाओं पर व्यापक चर्चा हो, ताकि परिणामों का डर पैदा हो। जो लोग ऐसे पाप करते हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। यह डर होना जरूरी है।’’

महिला अधिकारों में प्रगति के मुद्दे पर मोदी ने मातृत्व अवकाश को 12 सप्ताह से बढ़ाकर 26 सप्ताह करने पर चर्चा की।

उन्होंने कहा, ‘‘मातृत्व अवकाश का विस्तार केवल महिलाओं के सम्मान के लिए नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करने के लिए सोच-समझकर निर्णय लेने के बारे में भी है कि मां की देखभाल में रहने वाला बच्चा एक आदर्श नागरिक बने।’’

उन्होंने स्वयं सहायता समूहों में लगभग 10 करोड़ नई महिलाओं को शामिल किए जाने की सराहना की तथा पारिवारिक निर्णय लेने और व्यापक सामाजिक परिवर्तन में उनकी बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें यह देखकर गर्व होता है कि महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही हैं। जब महिलाएं आत्मनिर्भर बनती हैं, तो वे परिवार की निर्णय लेने की प्रक्रिया में भाग लेती हैं, जिससे महत्वपूर्ण सामाजिक परिवर्तन सुनिश्चित होता है।’’

मोदी ने कहा, ‘‘हमने महिला-नीत विकास मॉडल पर काम किया है। हर क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं, फिर चाहे वह नवाचार हो, रोजगार हो या उद्यमिता।’’

उन्होंने कहा, ‘‘रक्षा क्षेत्र को देखें- वायुसेना, सेना, नौसेना, अंतरिक्ष क्षेत्र, हम हर जगह महिलाओं की ताकत देख रहे हैं।’’

Exit mobile version