Site icon Asian News Service

दुर्गा पूजा पंडाल में लगी भीषण आग, 5 की मौत, 64 झुलसे

Spread the love


भदोही,03 अक्टूबर (ए)। यूूपी के भदोही जिले के औराई थानाक्षेत्र में एक दुर्गा पूजा के पंडाल में आग लगने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है, जबकि हादसे में 64 अन्य लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।.

उन्होंने बताया कि मृतकों में एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं

झुलसने वालों में महिलाएं और बच्चे अधिक हैं।
आग इतनी भीषण थी कि ऊंची लपटें देख हर कोई सहम उठा। सूचना मिलते डीएम-एसपी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और दमकल टीम पहुंच गई। झुलसे बच्चों और महिलाओं को सीएचसी समेत कई निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
औराई भदोही मार्ग पर स्थित एकता क्लब का पंडाल काफी आकर्षक होने से यहां नवरात्र में भीड़ जुटती है। रविवार रात करीब 8 बजे 150 से अधिक लोग पंडाल में मौजूद थे। लोग आरती में शामिल होकर जयकारा लगा रहे थे। पंडाल में डिजिटल शो भी चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग लग गई। जिसे देख वहां भगदड़ मच गई। देखते ही देखते पूरा पंडाल धू-धूकर जलने लगा।
मौके पर चीखपुकार मच गई। जिसे जिधर से रास्ता मिला भागने लगा। यह स्पष्ट नहीं हो सका कि कितने लोग झुलसे हैं, लेकिन एक अधिकारी के मुताबिक 50 से अधिक लोग झुलस गए। अस्पताल में किशोरी समेत दो को मृत घोषित कर दिया गया। हालांकि अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की थी।
आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका था। कुछ लोगों का मानना है कि शार्ट सर्किट से आग लगी जबकि कुछ लोग आरती से आग लगने का कारण मान रहे हैं।
झुलसे लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई, सूर्या ट्रॉमा सेंटर सहित अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। डीएम गौरांग राठी और एसपी डॉ. अनिल कुमार सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। घटनास्थल पर अफरातफरी की स्थिति थी।

Exit mobile version