रामपुर, 19 जनवरी एएनएस। यूपी के रामपुर जिले में एक नव विवाहिता से उसके ससुर द्वारा दरिंदगी किये जाने का मामला सामने आया है। सैदनगर थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने ससुर पर दुष्कर्म और पति समेत ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि ससुर की शिकायत जब महिला ने पति से की तो उसने पीड़िता के साथ ही मारपीट शुरू कर दी। अजीमनगर थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती की शादी छह माह पहले शहजाद नगर थाना क्षेत्र के एक गांव से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल वाले विवाहिता से दहेज की मांग करने लगे। दहेज की मांग विवाहिता के मायके वालों ने पूरी नहीं की तो ससुर उस पर गलत नजर डालने लगा। आरोप है मौका पाकर ससुर ने बहू के साथ कई दिन तक दुष्कर्म किया। विवाहिता ने पूरा माजरा जब अपने पति को बताया तो वह भड़क गया और मारपीट करने लगा। इस दौरान ससुराल वालों ने विवाहिता के कपड़े भी फाड़ दिए और घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पड़ोसी के घर से फोन पर पूरा माजरा अपने परिजनों को बताया तो उनके होश उड़ गए। कुछ देर बाद मायके वाले पीड़िता को अपने साथ बुलाकर ले आए। पूरे मामले से अजीमनगर पुलिस को अवगत कराया गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने ससुर, पति और ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अजीमनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार का कहना है कि विवाहिता की शिकायत पर पति और ससुर समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
छह माह पहले शादी करके घर आई बहू से दहेज कम लाने का बहाना बना ससुर ने जबरन किया दुष्कर्म
