सहारनपुर, 10 फरवरी (ए)। कृषि कानूनो के विरोध में जारी किसानों के आंदोलन के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को यूपी के सहारनपुर में आयोजित किसानों की महापंचायत में शामिल हुईं। इस मौके पर प्रियंका गांधी ने भारी भीड़ को संबोधित करते हुए किसानों से कहा कि आप एक कदम पीछे मत हटिये, हम आपके साथ हैं। जब तक कानून खत्म नहीं होगा, हम आपके लिए लड़ेंगे। प्रियंका ने कहा कि तीनों कृषि क़ानून राक्षस रूपी क़ानून हैं, जो किसानों को मारना चाहते हैं। यह क़ानून भाजपा के नेतृत्व के पूंजीपति मित्रों के लिए जमाखोरी के दरवाजे खोलेगा। प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर इस कानून को खत्म किया जाएगा। कांग्रेस किसानों को एमएसपी देगी और ऐसा कानून बनाया जाएगा, जिससे आपकी मदद हो। प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि उनकी बातों पर भरोसा नहीं रह गया है। चुनाव के समय मोदी ने कहा था कि गन्ना किसानों की समस्याएं हल करेंगे। किसानों का 15 हजार करोड़ बकाया ब्याज सहित देंगे। लेकिन नहीं दिया गया। कई साल निकल गए किसान बकाया के लिए तरसता रहा।
प्रियंका ने कहा कि मोदी ने अपने लिए दो हवाई जहाज 16 हजार करोड़ में खरीद लिये लेकिन आपका बकाया नहीं दिया। 20 हजार करोड़ से दिल्ली में सुंदरीकरण किया जा रहा है। इनकी जबान में कितना फर्क है, आपने देख लिया है। अपने घूमने के लिए विमान खरीद लिया लेकिन किसानों का बकाया नहीं दिया गया।
प्रियंका ने कहा कि आपने इनका 56 इंच का सीना देख लिया, जिसके अंदर छोटा सा दिल है। किसान का दिल देश की धरती के लिए धड़कता है, उसकी जान अपनी धरती से जुड़ी हुई है। लेकिन इनका दिल अपने अरबपति मित्रों के लिए धड़कता है। प्रियंका ने कहा कि प्रेम शांति के जरिये इस देश को आत्म निर्भर बनाने वाला किसान ही है। किसान का बेटा देश की सुरक्षा करता है। किसान का ही बेटा जवान बनकर प्रधानमंत्री की सुरक्षा करता है। प्रधानमंत्री किसान का दिल नहीं पहचान रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि इनके सभी मंत्री कहते हैं कि किसान धरने पर नहीं बैठा है। दिल्ली की सीमा पर बैठे आतंकवादी और देशद्रोह हैं। प्रधानमंत्री ने खुद किसानों का अपमान किया है। किसानों को आंदोलनजीवी कहा गया है। आंदोलनजीवी का क्या मतलब है? अपनी जमीन के लिए आंदोलन कर रहे किसान का मजाक उड़ाया जा रहा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि जो किसान का दिल नहीं पहचान सकता वो देश भक्त नहीं हो सकता।
