नई दिल्ली, तीन मई (ए)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी रायबरेली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। राहुल की मां सोनिया गांधी 2004 से इस सीट से लोकसभा चुनाव जीतती आई हैं।
पार्टी ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि गांधी परिवार के करीबी माने जाने किशोरी लाल शर्मा को अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। शर्मा वह प्रमुख व्यक्ति हैं, जिन्होंने गांधी परिवार की गैर-मौजूदगी में दोनों प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों का काम-काज संभाला।
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की रायबरेली और अमेठी लोकसभा सीट से शुक्रवार को अपने उम्मीदवारों का एलान कर दिया। इन दोनों सीटों पर नामांकन का आखिरी दिन आज शुक्रवार को ही है। पार्टी ने तय किया है कि राहुल गांधी रायबरेली और किशोरी लाल शर्मा अमेठी लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में होंगे। केएल शर्मा, सोनिया गांधी के प्रतिनिधि रह चुके हैं। इसी के साथ प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लग गया। कांग्रेस ने शुक्रवार सुबह इसकी आधिकारिक घोषणा की।