उप्र की शक्ति दुबे ने पांचवें प्रयास में सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की; शीर्ष पांच में तीन महिलाएं

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 22 अप्रैल (ए)।)। सिविल सेवा परीक्षा 2024 में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली शक्ति दुबे ने अपने पांचवें प्रयास में यह प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण की। उन्होंने राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंध को वैकल्पिक विषय के रूप में लेकर यह परीक्षा दी थी।

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने मंगलवार को सिविल सेवा परीक्षा 2024 के नतीजे घोषित किए, जिसमें शीर्ष पांच स्थान हासिल करने वालों में शक्ति सहित तीन महिलाएं शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश के नैनी की रहने वाली शक्ति (28) इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बायोकेमिस्ट्री में स्नातक और काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से विज्ञान में परास्नातक हैं।

यूपीएससी के पास उपलब्ध विवरण के मुताबिक, शक्ति की रुचियों में “कैंसर के इलाज के लिए एसआई-आरएनए की नैनोकण-आधारित आपूर्ति पर शोध कार्य करना” और “कविताएं लिखना” शामिल है।

हरियाणा की हर्षिता गोयल और महाराष्ट्र के डोंगरे अर्चित पराग ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 में क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से बीकॉम डिग्री धारी हर्षिता (24) ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी में परास्नातक कर रखा है। उन्होंने राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंध को वैकल्पिक विषय के रूप में लेकर अपने तीसरे प्रयास में सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की।

हर्षिता गुजरात के वडोदरा में रहती हैं। वह गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) ‘बिलीव फाउंडेशन’ के लिए स्वयंसेवक के रूप में भी काम करती हैं। उन्हें ऐक्रेलिक पेंटिंग करने का शौक है।

वहीं, पुणे निवासी पराग (26) इंजीनियरिंग के पेशे से जुड़े हुए हैं। उन्होंने तमिलनाडु के वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (वीआईटी) से इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियरिंग में बीटेक कर रखा है। वह सिविल सेवा परीक्षा में अपने तीसरे प्रयास में सफल हुए।

पराग ने दर्शन शास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में लिया था। उन्हें ध्यान लगाना, स्क्वाश खेलना और जिम करना पसंद है।

वहीं, 26 वर्षीय शाह मार्गी चिराग ने समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में लेकर सिविल सेवा परीक्षा में चौथा स्थान हासिल किया। वह अहमदाबाद स्थित गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर इंजीनियरिंग में ‘बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग’ (बीई) डिग्री धारी हैं।

चिराग ने अपने पांचवें प्रयास में इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की। यूपीएससी के पास उपलब्ध विवरण के अनुसार, चिराग स्पैनिश सीखने और पश्चिमी कथा साहित्य पढ़ने में दिलचस्पी रखती हैं।