सपा ने जारी की 56 उम्मीदवारों की एक और सूची

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love


लखनऊ,27 जनवरी (ए)। यूपी विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को एक और सूची जारी कर दी। 56 प्रत्याशियों वाली नई सूची में जहां सपा के कई कद्दावर नेताओं के नाम हैं, वहीं दूसरे दलों से आए नेताओं को बड़ी संख्या में टिकट दिये गए हैं। लालजी वर्मा, रामअचल राजभर, दारा सिंह चौहान, रमाकांत यादव आदि को उनकी परंपरागत सीटों से उतारा गया है। सपा के पिछली बार जीते विधायकों को दोबारा टिकट दिया गया है।
नई सूची में दस मुस्लिम और इतने ही यादवों का नाम है। एक दिन पहले ही सपा ने 39 प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। इसमें केवल तीन यादव और एक मुस्लिम को ही टिकट दिया गया था। इस सूची में भी गैर यादव ओबीसी नेताओं को खास तवज्जो दी गई है। बड़ी संख्या में गैर यादवों को टिकट थमाया गया है। सपा के कद्दावर नेताओं में सबसे बड़ा नाम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी का है। रामगोविंद चौधरी को बलिया की बांसडीह सीट से टिकट दिया गया है।
गाजीपुर में जमानिया से ओमप्रकाश सिंह, जंगीपुर से वीरेंद्र यादव, चंदौली की सकलडीहा से विधायक प्रमुनाथ सिंह को टिकट दिया गया है। बाराबंकी की कुर्सी सीट से पूर्व मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा के बेटे राकेश वर्मा को उतारा गया है। बीच में राकेश के चुनाव नहीं लड़ने की बातें आई थीं। 
उपचुनाव में धनंजय सिंह के वर्चस्व को चुनौती देकर सपा को जीत दिलाने वाले जौनपुर के मल्हनी से जीते विधायक लकी यादव पर दोबारा भरोसा जताया गया है। जौनपुर के केराकत से पूर्व सांसद तूफानी सरोज,
शाहगंज से शैलेंद्र यादव ललई, बदलापुर से बाबा दुबे को प्रत्याशी बनाया है। चिल्लूपार से बाहुबली हरिशंकर तिवारी के बेटे विनय तिवारी को टिकट दिया गया है।
आजमगढ़ की सीटों पर पुराने प्रत्याशियों को ही दोहराया गया है। आजमगढ़ की लालगंज से बेचई सरोज को टिकट दिया गया है। यहां की निजामाबाद सीट से एक बार फिर आलमबदी को उतारा गया है। 85 वर्षीय आलमबदी हो सकता है इस चुनाव में सबसे उम्रदराज प्रत्याशी हों।