Site icon Asian News Service

सपा के लाल बिहारी यादव होंगे उप्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता

Spread the love

लखनऊ: 22 जुलाई (ए) समाजवादी पार्टी (सपा) के लाल बिहारी यादव उत्तर प्रदेश विधान परिषद में विपक्ष के नेता होंगे।

विधान परिषद के प्रधान सचिव डॉ. राजेश सिंह ने सोमवार को एक बयान में बताया कि विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह ने संविधान में दिये गये अधिकार का इस्तेमाल करते हुए लाल बिहारी यादव को सदन में ‘नेता विरोधी दल’ बनाया है। विधान परिषद के 100 सदस्यीय सदन में नेता प्रतिपक्ष का पद हासिल करने के लिये सबसे बड़े विपक्षी दल को कम से कम 10 सदस्यों की जरूरत होती है। निर्धारित मानक से कम संख्या होने के कारण सपा से जुलाई 2022 में नेता प्रतिपक्ष का पद छिन गया था। मगर इसी साल मार्च में हुए विधान परिषद चुनाव में तीन सीट जीतने के साथ सपा के सदस्यों की संख्या 10 पहुंच गई है। प्रदेश विधान परिषद में इस वक्त सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सबसे ज्यादा 79 सदस्य हैं। इसके अलावा सपा के 10, राष्ट्रीय लोकदल, अपना दल (सोनेलाल), निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक और शिक्षक दल के एक-एक तथा चार निर्दलीय सदस्य हैं। उच्च सदन में एक सीट अभी खाली है।

Exit mobile version