लखनऊ,29 जनवरी (ए)। सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव ने रविवार को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित किया है। अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल यादव को समाजवादी पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बना दिया गया है।इसके साथ ही उन्हें राष्ट्रीय महासचिव के साथ ही यूपी का प्रभारी भी बनाया गया है। इसके साथ ही स्वामी प्रसाद मौर्य का भी कद बढ़ा दिया गया है। उन्हें भी राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। रविवार को समाजवादी पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी।62 सदस्य राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जातीय समीकरण का पूरा ध्यान रखा गया है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अभिषेक मिश्रा, पवन पांडे को भी जगह मिली है। इसी तरह पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, लीलावती कुशवाहा, धर्मेंद्र यादव, जावेद आब्दी, दयाराम पाल आदि को भी शामिल किया गया है
मैनपुरी उपचुनाव के बाद से ही शिवपाल यादव को सपा में अहम जिम्मेदारी मिलने की बातें कही जा रही थीं। पिछले कुछ दिनों से शिवपाल यादव लगातार यूपी में दौरे भी कर रहे थे। वहीं, रामचरितमानस पर बयान से विवादों में आए स्वामी प्रसाद मौर्य को भी राष्ट्रीय महासचिव बना दिया गया है। उनको इतना बड़ा कद देने से साफ हो गया है कि रामचरितमानस को लेकर उनके बयान को सपा कहीं से गलत नहीं मान रही है।
