अमेठी सीट से केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की पराजय, कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा जीते

अमेठी उत्तर प्रदेश
Spread the love

अमेठी (उप्र): चार जून (ए) अमेठी लोकसभा सीट से केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी चुनाव हार गयी हैं। कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने उन्हें एक लाख 67 हजार 196 मतों से पराजित किया।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष को अमेठी से हराने वालीं ईरानी की यह पराजय भाजपा के लिये एक बड़ा झटका है। ईरानी ने जनादेश को स्वीकार करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया और कहा कि वह अमेठी की जनता से आगे भी जुड़ी रहेंगी।

ईरानी ने जनादेश को स्वीकार करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया और कहा कि वह अमेठी की जनता से आगे भी जुड़ी रहेंगी।

चुनाव आयोग द्वारा घोषित परिणाम के मुताबिक कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा को पांच लाख 36 हजार 492 वोट मिले, जबकि ईरानी को तीन लाख 70 हजार 470 मत प्राप्त हुए।

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) उम्मीदवार नन्हे सिंह चौहान 34 हजार 418 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे।

अमेठी लोकसभा सीट नेहरू-गांधी परिवार का सियासी गढ़ मानी जाती रही है। शर्मा मतगणना की शुरुआत से ही आगे चल रहे थे और चक्र दर चक्र उनकी बढ़त मजबूत होती गयी।

जीत के बाद शर्मा ने संवाददाताओं से बातचीत में अमेठी की जनता का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह विजय अमेठी की जनता की जीत है और सांसद के रूप में वह जनता के प्रति हमेशा समर्पित होकर कार्य करेंगे।

उधर, स्मृति ईरानी ने चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद प्रेस कांफ्रेंस में अपने सभी समर्थकों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट किया और विजयी उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा को बधाई दी।

ईरानी ने कहा कि वह संगठन को और सशक्त करेंगी और संगठन चुनाव परिणामों का विश्लेषण करेगा।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को 55,120 वोट से हराकर बड़ा उलटफेर करने वालीं स्मृति इस सीट से लगातार दूसरी बार मैदान में थीं।

शुरू में कांग्रेस की तरफ से इस बार भी अमेठी से राहुल के ही मैदान में उतरने की अटकलें लगायी जा रही थीं, मगर ऐन वक्त पर पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के करीबी सहयोगी रहे किशोरी लाल शर्मा को मैदान में उतारकर सबको चौंका दिया था।