भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सुझाव दे रहे हैं आम नागरिक: प्रधानमंत्री मोदी

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 15 अगस्त (ए) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए नागरिकों ने भारत को विश्व की ‘‘कौशल राजधानी’’ बनाने से लेकर न्यायिक सुधार तक कई क्षेत्रों में सुझाव दिए हैं।मोदी ने 78वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘2047 तक विकसित भारत’ मात्र शब्द नहीं हैं, ये 140 करोड़ लोगों के संकल्प और सपनों का प्रतिबिंब हैं।’’प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘नागरिकों से सुझाव लिए गए हैं और 2047 तक भारत को विकसित बनाने के लिए करोड़ों लोगों ने सुझाव दिए हैं। उन सुझावों में प्रत्येक नागरिक का सपना और उनका आत्मविश्वास झलकता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोगों ने भारत को दुनिया की ‘कौशल राजधानी’ बनाने का सुझाव दिया, कुछ ने इसे विनिर्माण का वैश्विक केंद्र बनाने का सुझाव दिया। …कुछ लोगों ने न्याय में देरी पर चिंता व्यक्त की और कहा कि न्यायिक सुधार की आवश्यकता है।’’

मोदी ने कहा कि इनके अलावा भारत के विश्वविद्यालयों को वैश्विक बनाने, ‘वैश्विक मीडिया’ होने, कुशल भारतीय युवाओं को दुनिया की पहली पसंद बनाने, भारत को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और ‘ग्रीनफील्ड शहर’ बनाने जैसे सुझाव दिए गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोगों ने तो यह भी ​​सुझाव दिया कि भारत का अंतरिक्ष स्टेशन होना चाहिए, कुछ ने कहा कि पारंपरिक भारतीय चिकित्सा को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, जबकि कुछ लोगों ने कहा कि भारत को जल्द तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना चाहिए।’’