मप्र बस हादसा: मृतक संख्या बढ़कर नौ हुई

भोपाल मध्य प्रदेश
Spread the love

मैहर (मध्य प्रदेश), 29 सितंबर (ए) मध्य प्रदेश के मैहर जिले में हुए बस हादसे में मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे मैहर में एक बस के पत्थर से लदे ट्रक से टकरा जाने से करीब 20 लोग घायल हो गए।

उसने बताया कि यह दुर्घटना जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 30 पर हुई।

मैहर के पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल ने बताया कि बस प्रयागराज से रीवा होते हुए नागपुर जा रही थी, तभी नादन देहात थाने के पास यह दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

उन्होंने बताया कि पहले छह लोगों की मौत की खबर मिली थी, लेकिन तीन और लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई।

पुलिस ने बताया कि मृतकों में चार साल का एक बच्चा भी शामिल है। अग्रवाल ने बताया कि घायलों को रीवा समेत विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

उसने बताया कि प्रथमदृष्टया प्रतीत होता है कि बस की गति बहुत तेज थी।

पुलिस ने बताया कि बचाव दल को क्षतिग्रस्त बस में से यात्रियों को निकालने के लिए गैस कटर और खुदाई करने वाली मशीन का इस्तेमाल करना पड़ा।

उसने बताया कि बचाव अभियान शनिवार देर रात दो बजे पूरा हुआ।